न कोई सरकारी मदद, न संसाधनों का सहारा… पहाड़ की पथरीली जमीन पर 19 साल की मेहनत से खड़ा कर दिया हरा-भरा जंगल। पेड़ों को बेटों की तरह पालने वाले भैयाराम यादव की कहानी हर किसी को पर्यावरण संरक्षण की सीख देती है।
चित्रकूट, बुंदेलखंड की धरती, जहाँ गर्मियों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच जाता है और पानी की एक-एक बूँद के लिए लोगों को भटकना पड़ता है, वहाँ पथरीली जमीन पर खेती करना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। ऐसी विषम परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद के भरतकूप निवासी भैयाराम यादव ने अपनी मेहनत, लगन और जुनून से वह कर दिखाया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। उन्होंने बिना किसी सरकारी आर्थिक सहायता के पहाड़ से सटी पथरीली और बंजर जमीन पर करीब 1 लाख पेड़ लगाकर एक हरा-भरा जंगल तैयार कर दिया। आज यही भैयाराम यादव हजारों पेड़ों के पिता और ‘चित्रकूट के ट्री मैन’ के नाम से पहचाने जाते हैं।
भैयाराम की कहानी केवल पौधे लगाने और जंगल तैयार करने की कहानी भर नहीं है, बल्कि यह एक ऐसे पिता के दर्द, अकेलेपन और प्रकृति के प्रति उसके अटूट प्रेम की कहानी है, जिसने अपने परिवार को खोने के बाद पेड़-पौधों में ही अपना संसार तलाश लिया। पत्नी के निधन और फिर मासूम बेटे को खोने के बाद उनके जीवन में ऐसा खालीपन आया, जिसे भर पाना आसान नहीं था। अपनों को खोने के दर्द ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया, लेकिन उन्होंने इस दर्द को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया, बल्कि पेड़-पौधों को ही अपना परिवार बना लिया। धीरे-धीरे पौधों से उनका रिश्ता इतना गहरा होता चला गया कि वे उन्हें अपने बच्चों की तरह मानने लगे और दिन-रात उनकी सेवा करने लगे।
पहाड़ की पथरीली जमीन पर लाई हरियाली

वर्ष 2007 में भैयाराम यादव ने पहाड़ के पास की पथरीली और बंजर जमीन पर पौधे लगाने का सिलसिला शुरू किया था। शुरुआत में उनके पास न तो कोई बड़ी आर्थिक व्यवस्था थी और न ही पौधों की देखभाल के लिए कोई सरकारी संसाधन। सामने ऐसी जमीन की चुनौती थी, जहाँ पानी की कमी और पत्थरों के कारण पौधों का जीवित रहना भी मुश्किल था। लेकिन भैयाराम ने परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय उन्हें चुनौती के रूप में स्वीकार किया।
उन्होंने कुछ फलदार पौधों के साथ-साथ कई प्रजातियों के जंगली पौधे यहाँ-वहाँ से उखाड़कर और माँगकर लगाना शुरू किया। पौधे लगाने के बाद उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती उन्हें जीवित रखने की थी। बुंदेलखंड की भीषण गर्मी में जब जमीन तपने लगती और पानी के स्रोत सूखने लगते, तब भैयाराम अपने पौधों को बचाने के लिए दिन-रात एक कर देते थे।
वे दो मटकों (घड़ों) के बीच लकड़ी बाँधकर लगभग 1.5 किलोमीटर दूर से पानी भरकर लाते और एक-एक पौधे की जड़ों में डालते। पानी ज्यादा देर तक रुके, इसके लिए वे पेड़ों के चारों ओर मेड़ बनाकर सींचते थे। यह काम किसी एक दिन या एक मौसम का नहीं था, बल्कि वर्षों तक लगातार चलने वाली उनकी तपस्या थी। आज वे महुआ, सागौन, शीशम, पाकड़, झिलमिल, तेंदू, बाँस, बेर, नीम, खैर आदि के साथ-साथ आम व अमरूद आदि के वृक्षों को तैयार कर चुके हैं।
पौधों की प्यास बुझाने के लिए मीलों ढोया पानी

भैयाराम के लिए ये पौधे महज पेड़ नहीं थे, बल्कि उनके परिवार के सदस्य थे। जिस तरह एक पिता अपने बच्चों को कठिन परिस्थितियों से बचाने और उनका भविष्य सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास करता है, उसी तरह भैयाराम भी गर्मियों में पौधों को सूखने से बचाने के लिए जुटे रहे। कई बार तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच भारी-भारी मटकों (घड़ों) से पानी ढोना पड़ता, लेकिन उन्होंने अपनी दिनचर्या में पौधों की सेवा को सबसे ऊपर रखा।
उनकी मेहनत का असर धीरे-धीरे दिखाई देने लगा। जिन स्थानों पर कभी पत्थर और सूखी जमीन दिखाई देती थी, वहाँ अब पौधे छोटे-छोटे पेड़ों का आकार लेने लगे। समय के साथ पौधे बड़े हुए और जमीन पर हरियाली फैलने लगी। फलदार वृक्षों और जंगली प्रजातियों के पेड़ों ने मिलकर एक जंगल का रूप लेना शुरू कर दिया। जिस बंजर जमीन पर हरियाली की कल्पना करना भी मुश्किल था, वहाँ आज लाखों पेड़ों का संसार खड़ा है।
उनके अथक प्रयासों और पेड़-पौधों के प्रति प्रेम को देखकर वन विभाग ने उन्हें सम्मानित किया।
जंगल में लगवाया हैंडपंप

भैयाराम यादव की वर्षों की मेहनत और उनके अनोखे प्रयास की चर्चा धीरे-धीरे आसपास के क्षेत्रों में फैलने लगी। सन 2019 में समाचार पत्रों और मीडिया की सुर्खियों में उनका नाम ‘ट्री मैन’ या ‘हजारों पेड़ों के पिता’ के रूप में आया। बिना किसी आर्थिक सहायता के हजारों पौधे लगाकर उन्हें पेड़ों में तब्दील कर देना अपने आप में बड़ी उपलब्धि थी। उनके इस प्रयास को देखते हुए वन विभाग ने उन्हें सम्मानित किया और उनके जंगल में एक हैंडपंप भी लगवाया, जिससे पौधों की सिंचाई में कुछ सहूलियत मिली। हालाँकि भैयाराम की इस यात्रा की शुरुआत उस समय हुई थी, जब उनके पास पानी ढोने के लिए मटकों (घड़ों) और बाल्टियों के अलावा कोई विशेष संसाधन नहीं था।
करीब 19 वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उनका जुनून कम नहीं हुआ है। वर्ष 2007 में शुरू हुआ पौधों को लगाने और उनकी देखभाल करने का सिलसिला आज भी जारी है। भैयाराम अब भी अपने पेड़ों के बीच समय बिताते हैं और उनकी देखभाल को अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण काम मानते हैं।
सरकारी वृक्षारोपण अभियानों के लिए बड़ा संदेश

भैयाराम यादव की यह कहानी ऐसे समय में सामने आई है, जब सरकारें हर साल करोड़ों रुपये खर्च कर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाती हैं। लाखों-करोड़ों पौधे लगाए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन अक्सर पौधों की देखभाल और उनके जीवित रहने की व्यवस्था कमजोर पड़ जाती है। परिणामस्वरूप कई स्थानों पर लगाए गए पौधे कुछ ही महीनों में सूख जाते हैं। ऐसे में भैयाराम का प्रयास यह सवाल भी खड़ा करता है कि केवल पौधे लगा देना ही वृक्षारोपण की सफलता नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक बचाना भी उतना ही जरूरी है।
कठिन निजी जीवन
कम पढ़े-लिखे भैयाराम बताते हैं कि उनके और भी भाई-बहन हैं, पर पिता से उन्हें अपने भाइयों से ज्यादा स्नेह मिला। उन्होंने याद करते हुए बताया कि उनके पिता ने उन्हें एक बात जरूर समझाई थी कि अगर जीवन में कुछ न कर पाओ, तो कम से कम 5 पेड़ महुआ के ही लगा लेना। वही पेड़ इतना फल देंगे कि उससे आर्थिक मदद मिलेगी और जीवनयापन हो सकेगा।
उन्होंने आगे बताया कि पहले उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर भगवान को प्यारी हो गईं, तब उन्होंने अपना पूरा प्यार इकलौते पुत्र पर लुटा दिया। पर ईश्वर को यह भी मंजूर नहीं था। महज 3 साल की छोटी-सी उम्र में पुत्र भी स्वर्गवासी हो गया, जिससे वे टूट गए। फिर उन्हें अपने पिता की बात याद आई और उन्होंने महुआ ही नहीं, बल्कि कई जंगली फल भी लगाए और उन्हीं में अपना पुत्र खोजने लगे। पेड़ों को उन्होंने उतना ही प्यार दिया, जितना एक पिता अपने बच्चों को देता है। बढ़ती गर्मियों में उनके पेड़ रूपी बच्चे प्यासे न रह जाएँ, इसके लिए वे दो घड़ों के बीच डंडा लगाकर गाँव के कुएँ से पानी भर-भरकर उन्हें सींचते रहे।
उन्होंने आगे बताया कि आज उनके पास लगभग 1 लाख पेड़ हैं। आर्थिक समस्या के चलते वे पौधे खरीद नहीं पाते, इसलिए अब जंगल में लगे जंगली पौधों के बीज बीनकर उनके पौधे तैयार करते हैं और उन्हें रोपकर बड़ा करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार ग्रामीण अपने जानवरों को उनके पेड़ों के पास चराने पहुँचते हैं, जिससे पेड़ों को नुकसान पहुँचता है। ऐसे में कई बार ग्रामीणों से झगड़ा भी हो चुका है। वन विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए उन्होंने बताया कि प्रशस्ति पत्र देते समय न्यूनतम वेतन की बात कही गई थी, पर वह वादा भी पूरा नहीं हुआ। हाँ, प्रियंका गांधी की पहल के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी शेषमणि ने एक हैंडपंप जरूर लगवा दिया। उन्होंने दावा किया कि 2007 से लगातार पौधारोपण करते हुए 2026 तक पेड़ों की संख्या 1 लाख से भी ज्यादा पहुँच चुकी है।
भारत में स्वतंत्र पर्यावरण पत्रकारिता को जारी रखने के लिए ग्राउंड रिपोर्ट को आर्थिक सहयोग करें।
यह भी पढ़ें
वीडियो बन रहे बेहतर कृषि तरीकों का ज़रिया, सरकारी संस्थान क्यों पीछे?
अनियमित इको-टूरिज़्म से मध्य प्रदेश के जैव विविधता वाले क्षेत्रों पर बढ़ता दबाव
पर्यावरण से जुड़ी खबरों के लिए आप ग्राउंड रिपोर्ट को फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सएप पर फॉलो कर सकते हैं। अगर आप हमारा साप्ताहिक न्यूज़लेटर अपने ईमेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें।






