बैतूल जिले में भोपाल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-46) पर बरेठा घाट के एक हिस्से में ‘टेबल टॉप रेड मार्किंग’ बनाई गई है। इसका मकसद वाहनों की रफ्तार कम करना और सड़क हादसों से इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों की जान बचाना है। लेकिन मार्किंग बनने के बाद भी यहां हादसे रुके नहीं हैं।
सवाल यह है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का यह प्रयोग कितना कारगर है, और क्या वन विभाग या NHAI इसके असर की कोई स्टडी करा रहे हैं?
क्या है टेबल टॉप रेड मार्किंग?

NHAI ने मध्य प्रदेश के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिज़र्व से गुज़रने वाले 11.96 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर यह मार्किंग बनाई है। यह बरेठा घाट के 2.0 किलोमीटर हिस्से में है। यह देश का पहला राजमार्ग है, जहां इस तरह का प्रयोग किया गया। NHAI ने दुबई की शेख जायद रोड से प्रेरणा ली और अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान व दिशानिर्देशों के आधार पर इसे लागू किया।
खतरे वाले इस क्षेत्र में सड़क पर 5 मिमी मोटी लाल थर्मोप्लास्टिक की परत बिछाई गई है, जिसे गर्म करके लगाया जाता है। चमकीला लाल रंग चालकों को तुरंत संकेत देता है कि वे गति-प्रतिबंधित और वन्यजीव-संवेदनशील क्षेत्र में दाखिल हो रहे हैं। सतह हल्की उभरी हुई है, जिससे गाड़ी में हल्का कंपन और आवाज़ होती है। यह चालक को अचानक ब्रेक लगाए बिना, स्वाभाविक रूप से गति धीमी करने के लिए प्रेरित करती है। इसके साथ सड़क के दोनों किनारों पर सफेद शोल्डर लाइनें भी बनाई गई हैं, जो चालकों को राह दिखाती हैं और वाहनों को कच्ची या घास वाली जगह पर जाने से रोकती हैं। बरेठा घाट के इस 2.0 किमी खंड को सड़क की बनावट के आधार पर खतरनाक क्षेत्र माना गया है, इसीलिए यहां मार्किंग के साथ अन्य सुरक्षा उपाय भी किए गए।
मार्किंग के बाद भी जारी हैं हादसे

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिर्फ नवंबर में ही यहां दो बड़े हादसे हुए। 12 नवंबर 2026 को बांचा गांव के पास पुलिया पर ओवरटेक करते समय आइशर वाहन और ट्राले की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसकी चपेट में एक ट्रैक्टर भी आ गया। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक अगले ही दिन, 13 नवंबर 2026 को देर रात एक तेज़ रफ्तार ट्राले/कंटेनर ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में महाराष्ट्र के चंद्रपुर निवासी अधिवक्ता राजू हेपट (50) और राहुल कनाठे (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज ढोके और निखिल पावड़े घायल हो गए। वे नलखेड़ा के मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इससे पहले दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी 2026 में भी तेज़ रफ्तार ट्राले की टक्कर से तीन कारें और एक बाइक क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिसमें एक महिला की जान चली गई थी।
बरेठा घाट के पास बांचा गांव के रहने वाले और जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र कवड़े मानते हैं कि लाल पट्टी की वजह से यह मार्ग देशभर में चर्चा में आया, लेकिन हादसे अब भी जारी हैं। उनके मुताबिक यहां लोग तेज़ रफ्तार में गाड़ियां चलाते हैं, खासकर बेकाबू ट्रकों की वजह से आए दिन हादसे होते हैं। कवड़े कहते हैं, “लाल मार्किंग के बावजूद कोई अपनी स्पीड नियंत्रित नहीं कर रहा है। चालक को थोड़ा कंपन ज़रूर होता है, लेकिन वह गति कम करने की कोशिश करता नहीं दिखता।”
वन विभाग का पक्ष

मध्य प्रदेश की प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक (चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन) समिता राजौरा का कहना है कि इस मार्किंग से कितना फायदा हुआ, इसकी स्टडी कराई जानी चाहिए। वे इस बारे में NHAI से बात करेंगी। राजौरा के अनुसार अब तक उन्हें मार्किंग को लेकर सकारात्मक फीडबैक ही मिला है। उनका कहना है कि इस सड़क से गुज़रते समय चालक सतर्क रहते हैं, क्योंकि उन्हें पता होता है कि वे संवेदनशील इलाके से गुज़र रहे हैं। उन्होंने अपने ड्राइवर से भी फीडबैक लिया, जिसने बताया कि मोड़ों पर यह मार्किंग काफी मददगार है, क्योंकि इससे गाड़ी स्किड नहीं करती और रफ्तार काबू में रहती है। हालांकि राजौरा यह भी कहती हैं कि कैमरों के ज़रिए देखा जा सकता है कि इस हिस्से से गुज़रते समय वाहनों की रफ्तार असल में कितनी घटती है।
ग्राउंड रिपोर्ट की टीम जब इस सड़क से गुज़री, तो यहां ट्रकों की भारी आवाजाही दिखी। घाट होने की वजह से रास्ता खतरनाक मोड़ों से भरा है। फिर भी कई गाड़ियां तेज़ रफ्तार में निकलती नज़र आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्किंग बनने के बाद भी हादसों का डर लोगों के मन में बना हुआ है।
आगे का सवाल
लाल मार्किंग से चालक सतर्क ज़रूर होते हैं और मोड़ों पर वाहन की पकड़ भी बेहतर हो सकती है। लेकिन ओवरटेकिंग और बेकाबू ट्रकों की तेज़ रफ्तार जैसी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। इसलिए ज़रूरी है कि NHAI और वन विभाग मिलकर इसकी वैज्ञानिक स्टडी कराएं और कैमरों के आंकड़ों से देखें कि वाहनों की रफ्तार सचमुच कितनी कम हो रही है। तभी साफ होगा कि देश का यह पहला प्रयोग इंसानों और वन्यजीवों के लिए कितना सुरक्षित साबित हो रहा है।
भारत में स्वतंत्र पर्यावरण पत्रकारिता को जारी रखने के लिए ग्राउंड रिपोर्ट को आर्थिक सहयोग दें।
ग्राउंड रिपोर्ट हिंदी में यह भी पढ़ें
क्यों मध्य प्रदेश में कस्टम हायरिंग सेंटर किसान की पहुंच से दूर हैं?
नई अफीम नीति का विरोध क्यों कर रहे हैं नीमच-मंदसौर के किसान?
पर्यावरण से जुड़ी खबरों के लिए आप ग्राउंड रिपोर्ट को फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सएप पर फॉलो कर सकते हैं। अगर आप हमारा साप्ताहिक न्यूज़लेटर अपने ईमेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें।





