Skip to content

बामनबाड़ा से मनकापुर: 5 किमी सड़क के इंतजार में किसान

मध्य प्रदेश में सुदूर ग्राम संपर्क एवं खेत सड़क उपयोजना, शुरू की गई थी। इसका मुख्य लक्ष्य किसानों की खेतों तक पहुंच आसान बनाना है।
Watch Video Report

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की बाड़ी तहसील में धांधला ग्राम पंचायत के ग्रामीण कई वर्षों से एक सड़क के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह सड़क बामनबाड़ा से मनकापुर तक जाती है और करीब पांच किलोमीटर लंबी है। अभी यह कच्ची है। इसके बन जाने से सैकड़ों किसानों को अपने खेत तक पहुंचना आसान हो जाएगा। सड़क न होने के कारण कई किसान आज भी खरीफ की फसल लगाने से बचते हैं।

आवेदन दिए, कार्रवाई नहीं हुई

पंचायत के उप सरपंच सतेंद्र ठाकुर बताते हैं कि वे इस सड़क के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और पीडब्ल्यूडी विभाग को आवेदन दिए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जिला अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी उनकी बात नहीं सुनी गई।

सतेंद्र के अनुसार यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन सकती है। इससे किसानों, स्कूली बच्चों और आम ग्रामीणों की कई परेशानियाँ दूर होंगी।

Advertisements

बारिश में कीचड़, खेत तक नहीं पहुंचते वाहन

फिलहाल बामनबाड़ा से मनकापुर तक का रास्ता कच्चा है। ग्रामीणों ने श्रमदान करके इसे थोड़ा ठीक किया है, लेकिन बारिश में यहां पूरी तरह कीचड़ हो जाता है और कोई वाहन नहीं निकल पाता।

बामनबाड़ा के किसान संदीप पटेल का खेत इसी रास्ते पर है। वे बताते हैं कि बारिश में अगर खेत का ट्रांसफॉर्मर जल जाए, तो उसे ठीक कराना बहुत मुश्किल हो जाता है, क्योंकि कोई गाड़ी खेत तक नहीं पहुंच पाती। संदीप कहते हैं, “हम फसल में दवा का छिड़काव और उपचार नहीं करवा पाते, क्योंकि ट्रैक्टर और दूसरे कृषि उपकरण खेत तक आ ही नहीं सकते। इससे फसल खराब हो जाती है।” अपनी धान की फसल दिखाते हुए वे बताते हैं कि समय पर दवा न मिलने से उनकी आधी फसल बर्बाद हो चुकी है।

बामनबाढ़ा से मनकापुर जाने वाली कच्ची सड़क से गुज़रता ट्रैक्टर । फोटो: शिशिर अग्रवाल
बामनबाढ़ा से मनकापुर जाने वाली कच्ची सड़क से गुज़रता ट्रैक्टर । फोटो: शिशिर अग्रवाल

सड़क न होने का सबसे गंभीर असर आपात स्थिति में दिखता है। सतेंद्र बताते हैं कि खेत पर करंट लगने या जहरीले जानवर के काटने जैसी घटनाएं होने पर घायल को कपड़े की झोली में लिटाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल पहुंचने में देर हो सकती है, जो जान के लिए खतरा बन सकती है।

Advertisements

बच्चों की पढ़ाई और बाजार तक पहुंच

सतेंद्र के मुताबिक मनकापुर गांव में 12वीं तक का स्कूल है। बामनबाड़ा के कई बच्चे वहां पढ़ना चाहते हैं, लेकिन सड़क न होने से वे नहीं जा पाते। सड़क बनने पर उनकी शिक्षा का रास्ता भी खुलेगा।

इसके अलावा बाड़ी और बरेली तहसील इस सड़क से करीब 20 से 22 किलोमीटर दूर हैं। पक्की सड़क बनने पर किसानों का आना-जाना और उपज को मंडी तक ले जाना आसान होगा।

क्या है खेत सड़क योजना

मध्य प्रदेश में दिसंबर 2013 में खेत सड़क योजना, यानी सुदूर ग्राम संपर्क एवं खेत सड़क उपयोजना, शुरू की गई थी। यह योजना पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत आती है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से छूटे गांवों को जोड़ना, एक से अधिक सड़क संपर्क देना, मजरे-टोलों को जोड़ना और खेत समूहों को आपस में जोड़ना है। मुख्य लक्ष्य किसानों की खेतों तक पहुंच आसान बनाना है, ताकि खाद, बीज, कृषि यंत्र और फसल लाने-ले जाने में दिक्कत न हो।

योजना मुख्य रूप से ग्राम पंचायत स्तर पर मनरेगा (वीबीजीरामजी) के जरिए स्थानीय जरूरत के हिसाब से लागू होती है। इसमें मजदूरी और सामग्री का अनुपात 60:40 रखा जाना था। काम पंच परमेश्वर, परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत अधोसंरचना सुधार के लिए मिली राशि और जनसहयोग से होना था। लेकिन नई दुनिया के मुताबिक कृषि विभाग के अधिकारियों के अधूरे प्रयासों के कारण कई गांवों में योजना अधूरी पड़ी है।

सिर्फ एक गांव की समस्या नहीं

बामनबाड़ा अकेला नहीं है। प्रदेश के कई गांवों के किसान खेत तक सड़क की मांग कर रहे हैं, पर उनकी सुनवाई नहीं होती। ग्राम पंचायतें इसके लिए फंड की कमी को जिम्मेदार बताती हैं।

कई जिलों में योजना की रफ्तार धीमी होने के और भी कारण हैं। नई दुनिया की खबर के मुताबिक पहले से स्वीकृत कई ग्रेवल और खेत सड़कों का काम पूरा नहीं हुआ, इसलिए नई स्वीकृतियों पर रोक या सख्त नियम लगे हैं। अगर पंचायत में कोई सड़क पहले से चल रही है या अधूरी है, तो नया काम मंजूर नहीं होता। खेत सड़क के लिए कम से कम निर्धारित संख्या (जैसे 10) में किसानों को लाभ मिलना जरूरी है। साथ ही पटवारी के रिकॉर्ड (खसरा, नक्शा, वाजिब-उल-अर्ज) में रास्ता दर्ज होना और शासकीय भूमि या सहमति की शर्तें पूरी होना भी जरूरी है। ऐसा न होने पर प्रस्ताव अटक जाते हैं। साथ ही निर्माण में मिट्टी, मुरम या जीएसबी के उपयोग, ढलान, कम्प्रेशन और प्रयोगशाला परीक्षण जैसे मानकों में कमी मिलने पर काम रोक दिया जाता है या लंबित रखा जाता है।

पूरी पंचायत को मिलेगा फायदा

सतेंद्र चाहते हैं कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बने। उनका तर्क है कि यह सड़क सिर्फ गांव को खेतों से नहीं जोड़ेगी, बल्कि पूरी पंचायत को बाड़ी और बरेली तहसील से जोड़ने में मदद करेगी। इससे कई गांवों के लोगों को फायदा होगा।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन अब उनकी मांग पर ध्यान देगा और इस सड़क को जल्द मंजूरी मिलेगी।

भारत में स्वतंत्र पर्यावरण पत्रकारिता को जारी रखने के लिए ग्राउंड रिपोर्ट को आर्थिक सहयोग दें। 


ग्राउंड रिपोर्ट हिंदी में यह भी पढ़ें

क्यों मध्य प्रदेश में कस्टम हायरिंग सेंटर किसान की पहुंच से दूर हैं?

नई अफीम नीति का विरोध क्यों कर रहे हैं नीमच-मंदसौर के किसान?


पर्यावरण से जुड़ी खबरों के लिए आप ग्राउंड रिपोर्ट को फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सएप पर फॉलो कर सकते हैं। अगर आप हमारा साप्ताहिक न्यूज़लेटर अपने ईमेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें।

Author

Support Ground Report to keep independent environmental journalism alive in India

We do deep on-ground reports on environmental, and related issues from the margins of India, with a particular focus on Madhya Pradesh, to inspire relevant interventions and solutions. 

We believe climate change should be the basis of current discourse, and our stories attempt to reflect the same.

Connect With Us

Send your feedback at greport2018@gmail.com

Newsletter

Subscribe our weekly free newsletter on Substack to get tailored content directly to your inbox.

When you pay, you ensure that we are able to produce on-ground underreported environmental stories and keep them free-to-read for those who can’t pay. In exchange, you get exclusive benefits.

Your support amplifies voices too often overlooked, thank you for being part of the movement.

EXPLORE MORE

LATEST

mORE GROUND REPORTS

Environment stories from the margins