मध्यप्रदेश में धान और गेहूं की कटाई के दौरान पराली (नरवाई) जलाने पर रोक लगाने के लिए कंबाइन हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) या स्ट्रॉ रीपर लगाना अनिवार्य किया गया है। जो हार्वेस्टर संचालक यह नियम नहीं मानते, उन पर प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। कटनी जिले में यह सख्ती अब विवाद का रूप ले चुकी है।
कटनी में पराली जलाने से रोकने का प्रशासनिक आदेश पर्यावरण बचाने की दिशा में एक सख्त कदम है। लेकिन किसानों का कहना है कि कटाई का खर्च बढ़ गया है, जिले में एसएमएस लगे हार्वेस्टर उपलब्ध नहीं हैं और अनुदान की सरकारी योजना से अब तक एक भी मशीन किसी किसान तक नहीं पहुंची।
कलेक्टर का आदेश

आगजनी की घटनाओं, प्रदूषण और मिट्टी की उर्वरता को बचाने के लिए कटनी कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी ने 14 अक्टूबर 2026 को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत है।
आदेश के मुताबिक हर हार्वेस्टर में एसएमएस लगाना या साथ में भूसा बनाने वाली मशीन (स्ट्रॉ रीपर) रखना जरूरी है। नियम तोड़ने वाले संचालकों पर कार्रवाई होगी। पराली जलाने वाले किसानों पर रकबे के अनुसार 2,500 से 15,000 रुपये तक का जुर्माना लगेगा। खेतों की निगरानी सैटेलाइट से भी की जाएगी।
एसएमएस और स्ट्रॉ रीपर में क्या फर्क है?
पराली प्रबंधन के लिए ये दोनों मशीनें सबसे असरदार मानी जाती हैं, लेकिन दोनों का काम अलग है। इसी वजह से प्रशासन इनमें से किसी एक का उपयोग जरूरी करता है।

स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) कंबाइन हार्वेस्टर से जुड़ा रहता है। यह कटाई के समय बचे अवशेषों को बारीक टुकड़ों में काटकर पूरे खेत में समान रूप से फैला देता है। इससे खाद बनाना और अगली फसल की सीधी बुवाई करना आसान हो जाता है। जबकि स्ट्रॉ रीपर कटाई के बाद खेत में बचे डंठल और पुआल को काटकर इकट्ठा करता है और भूसा बनाता है। इसका उपयोग मुख्य रूप से पशुओं के चारे के लिए भूसा निकालने और खेत साफ करने में होता है।
यानी जो किसान अवशेष खेत में ही मिलाकर अगली बुवाई जल्दी करना चाहते हैं, उनके लिए एसएमएस ठीक है। जिन्हें पशुओं के लिए भूसा चाहिए, उनके लिए स्ट्रॉ रीपर काम का है।
नियम पुराना, दबाव नया

पराली प्रबंधन और हार्वेस्टर में एसएमएस का यह नियम नया नहीं है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के बाद मध्यप्रदेश के पर्यावरण विभाग ने 15 मई 2017 को ही नरवाई जलाने पर प्रतिबंध की अधिसूचना जारी कर दी थी। इसके बाद 2018 से एसएमएस यंत्र पर सब्सिडी दी जा रही है।
हाल के वर्षों में पराली जलाने के मामलों में मध्य प्रदेश शीर्ष राज्यों में पहुंच गया। तब केंद्र सरकार और एनजीटी ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश पर भी सख्ती बढ़ा दी। इसी राष्ट्रीय निगरानी और कोर्ट के निर्देशों के चलते स्थानीय प्रशासन अब नियम कड़ाई से लागू करने को मजबूर है।
किसानों को खर्च की चिंता

किसानों की सबसे बड़ी शिकायत बढ़ा हुआ खर्च है। सरस्वाही गांव के किसान सुमित पांडे कहते हैं, “हम यदि केवल हार्वेस्टर से फसल कटवाते हैं तो ऑपरेटर लगभग 2,100 से 2,200 रुपये लेते हैं, लेकिन एसएमएस लगवाने के बाद यह कीमत 2,600 से 2,800 रुपये प्रति एकड़ पहुंच जाती है। जबकि एसएमएस लगाने के बाद भूसा भी नहीं बनता, क्योंकि पराली के बारीक-बारीक टुकड़े खेत में बिखर जाते हैं। अगली फसल की बुवाई के दौरान इन्हें मजदूर लगवाकर इकट्ठा कराना पड़ता है, जिसमें हमारा अतिरिक्त खर्च लगता है।”
दूसरी समस्या मशीनों की उपलब्धता है। बड़वारा के किसान राघवेंद्र कहते हैं, “हमारे यहां लोकल में तो एसएमएस लगे हार्वेस्टर ही नहीं हैं, इसके लिए पंजाब से हार्वेस्टर आते हैं। यदि हम उन्हीं के इंतजार में बैठे रहें और इस बीच मावठ (बेमौसम बारिश) गिर जाए या जंगली जानवर हमारी फसलों को नुकसान पहुंचा दें, तो हर तरफ से नुकसान हमारा ही है। इसलिए हमने बिना देर किए बगैर एसएमएस लगे हार्वेस्टर से ही अपनी फसल निकलवाई है।”
हर साल पंजाब से फसल काटने मध्यप्रदेश आने वाले हार्वेस्टर संचालक अर्पित सिंह के पास दो मशीनें हैं और दोनों में एसएमएस लगा है। फिर भी वे कहते हैं, “हमने जितने भी किसानों के खेत में फसल काटी है, उनमें से किसी ने एसएमएस चलवाया तो किसी ने नहीं। जैसा किसान कहते हैं, हमें वैसा ही करना पड़ता है। कुछ किसान कहते हैं कि उन्हें पशुओं के लिए चारा (भूसा) चाहिए, इसलिए वे बगैर एसएमएस के ही फसल कटवाते हैं क्योंकि एसएमएस लगाने के बाद चारा नहीं मिलता।”
यानी मशीन लगी होने के बावजूद उसका इस्तेमाल किसान की जरूरत पर निर्भर है। इससे नियम के पालन पर भी सवाल उठता है।
कार्रवाई नहीं, समझाइश हो
बड़वारा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक विजयराघवेंद्र सिंह ने 4 नवंबर को कलेक्टर को पत्र लिखा। उन्होंने किसानों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ का हवाला देते हुए ये शर्तें हटाने की मांग की है। स्थानीय किसान भी इस मांग के समर्थन में हैं।
ग्राउंड रिपोर्ट से बातचीत में उन्होंने कहा, “मैंने कलेक्टर को पत्र के माध्यम से यह समझाने की कोशिश की है कि वर्तमान में किसान कटाई पर करीब 2,200 रुपये प्रति एकड़ खर्च कर रहा है, लेकिन हार्वेस्टर के साथ भूसा बनाने वाली मशीन (स्ट्रॉ रीपर) या एसएमएस लगाने के बाद उसका खर्च दोगुना हो रहा है। प्रशासन शर्तें पूरी न करने वाले ऑपरेटरों पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि इसके बजाय किसानों को समझाइश दी जानी चाहिए कि वे पराली न जलाएं।”
अनुदान की मशीनें कहाँ हैं?

किसानों और संचालकों की परेशानी की पुष्टि कृषि अभियांत्रिकी विभाग के आधिकारिक दस्तावेज भी करते हैं। विभाग की ‘भौतिक वित्तीय लक्ष्य’ रिपोर्ट के अनुसार, कटनी जिले में अनुदान पर एसएमएस यंत्र देने का लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2025-26 में सिर्फ 3 और 2026-27 में 18 रखा गया। स्ट्रॉ रीपर का लक्ष्य शून्य (0) है।
पोर्टल पर दर्ज ‘पंजीकृत कृषक आवेदनों की सूची’ (7 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026) की स्थिति और चिंताजनक है। पूरे जिले से एसएमएस यंत्र के लिए कुल 10 आवेदन आए। इनमें से कई समय पर कार्रवाई न होने से निरस्त हो गए। बाकी या तो दस्तावेज सत्यापन की प्रतीक्षा में लंबित हैं या डीलर स्तर पर जानकारी अपलोड न होने से अटके हैं।
मतलब कटाई का सीजन चरम पर होने के बावजूद सरकारी योजना से जिले में एक भी नया एसएमएस यंत्र किसानों तक नहीं पहुंचा है।
पराली कचरा नहीं, किसान की संपत्ति है

कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) राजगढ़ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.के. कौशिक का कहना है कि बीज से लेकर फसल के अवशेष तक सब किसान की संपत्ति (वेल्थ) हैं, जिसे वह चार महीने की मेहनत से तैयार करता है। खेत में आग लगाने से पर्यावरण के साथ किसान की अपनी मिट्टी की उर्वरता को भी भारी नुकसान होता है।
डॉ. कौशिक के अनुसार, “जिसे किसान फसल कटाई के बाद कचरा समझता है, वह असल में कचरा नहीं है। किसान इसे डीकंपोज (सड़ाकर) करके जैविक खाद के रूप में अपने ही खेत में इस्तेमाल कर सकते हैं और अगली फसल की लागत को भी कम कर सकते हैं। इसके लिए कम खर्च वाली दवाइयां (वेस्ट डीकंपोजर) बाजार में आसानी से उपलब्ध हैं।”
पराली जलाने से होने वाले नुकसान की समझ और अलग-अलग प्रबंधन व्यवस्थाएं मौजूद होने के बावजूद ज़मीन पर किसान परेशानी में नज़र आता है। ऐसे में ज़रुरत है कि व्यवहारिक दिक्कतों को समझकर नीतियों को ज़मीन पर उतारा जाए।
भारत में स्वतंत्र पर्यावरण पत्रकारिता को जारी रखने के लिए ग्राउंड रिपोर्ट को आर्थिक सहयोग दें।
ग्राउंड रिपोर्ट हिंदी में यह भी पढ़ें
क्यों मध्य प्रदेश में कस्टम हायरिंग सेंटर किसान की पहुंच से दूर हैं?
नई अफीम नीति का विरोध क्यों कर रहे हैं नीमच-मंदसौर के किसान?
पर्यावरण से जुड़ी खबरों के लिए आप ग्राउंड रिपोर्ट को फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सएप पर फॉलो कर सकते हैं। अगर आप हमारा साप्ताहिक न्यूज़लेटर अपने ईमेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें।






