पर्यावरण आज के एपिसोड में बात फिलीपींस में भूकंप के बाद आई सुनामी और राजस्थान में हुए वन विभाग में घोटाले की।
फ़िलीपींस में सोमवार को दक्षिणी द्वीप मिंडानाओ के पास 7.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे पूरे एशिया में सुनामी की चेतावनी जारी की गई। मिंडानाओ के पास आए भूकंप के बाद इंडोनेशिया, फ़िलीपींस और जापान के अधिकारियों ने सुनामी की लहरों की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की है।
फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसमें अब तक कम से कम 3 लोगों की मौत और 4 घायल हुए हैं। भूकंप का केंद्र मिंदानाओ द्वीप पर जनरल सैंटोस शहर से 13 किमी दक्षिण-पश्चिम में था और यह सुबह 7:37 बजे आया।
भूकंप से कई इमारतें ढह गईं, जिनमें एक लोकप्रिय फास्ट फूड रेस्तरां और एक हाई स्कूल की इमारत भी शामिल है। बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और बचाव कार्य जारी है।
पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरों की चेतावनी दी है। इंडोनेशिया और मलेशिया में 1 मीटर तक की लहरें संभव बताई गई हैं। जापान, ताइवान और पापुआ न्यू गिनी में भी छोटी लहरों की आशंका है।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने लोगों से अपील की — “देर मत करो, जान सबसे कीमती है” — और तटीय इलाकों के लोगों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने का निर्देश दिया।
अन्य हेडलाईन्स
जून 5 से जून 30 तक विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर शिक्षा मंत्रालय ने स्कूलों में ग्रीन समर कैंप आयोजित करने का आदेश दिया है। इसमें बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और जागरुगता को लेकर एक्टिविटीज़ करवाई जाएंगी।
सतना में थैलेसीमिया से पीड़ित पाँच बच्चों में HIV संक्रमण की जाँच के लिए बनाई गई कमेटी ने पाया है कि ज़िला अस्पताल परिसर में कथित तौर पर पैसे लेकर खून देने वाले पेशेवर डोनर बिना किसी रोक-टोक के काम कर रहे थे। सरकारी नियमों में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के बावजूद अधिकारी इस चलन को रोकने में नाकाम रहे।
देश में घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में 29 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। ईरान युद्ध के बाद यह दूसरी बार है जब गैस सिलिंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब 14 किलो के सिलिंडर का दाम 942 रुपए हो गया है। हालांकि इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक ऑयल कंपनीज़ अभी भी हर दिन 700 प्रति सिलिंडर का नुकसान झेल रही है, क्योंकि सिलिंडर का मार्केट प्राईज़ 1600 प्रति सिलिंडर चल रहा है।
राजस्थान में भ्रष्टाचार पर वन विभाग की चुप्पी
राजस्थान के अलवर वन विभाग में 2023-24 के दौरान वृक्षारोपण और मिट्टी कार्यों के नाम पर ₹17 करोड़ की निकासी की गई, जिसमें फर्जी बिलों और मजदूरों के रिकॉर्ड में हेराफेरी के जरिए ₹1.5 करोड़ से अधिक का गबन सामने आया। फरवरी 2025 की पहली जांच रिपोर्ट में ACB जांच की सिफारिश की गई, लेकिन फरवरी 2026 की दूसरी जांच ने यह कहकर इसे खारिज कर दिया कि भुगतान बैंक के जरिए हुए — जबकि वास्तव में पैसा मजदूरों की बजाय गलत लाभार्थियों तक पहुंचा। दोनों रिपोर्टों के विरोधाभास को देखते हुए अप्रैल 2026 में तीसरी जांच कमेटी बनाई गई, जिसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। विभाग के सूत्रों को डर है कि अगर ACB जांच हुई तो यह घोटाला अलवर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कोटा, उदयपुर और जैसलमेर सहित पूरे राज्य में हर साल खर्च होने वाले ₹600-800 करोड़ के वन बजट में व्यापक भ्रष्टाचार उजागर हो सकता है।
ग्राउंड रिपोर्ट की बात
पर्यावरण सिर्फ खबर नहीं, यह हमारी सांसों का सवाल है। ग्राउंड रिपोर्ट की कोशिश है कि इन मुद्दों को ज़मीनी स्तर पर उठाया जाए और चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाया जाए। अगर आप पर्यावरण पत्रकारिता को ज़रूरी मानते हैं, तो इस एपिसोड को शेयर करें और हमें अपना फीडबैक भेजें।
ग्राउंड रिपोर्ट का डेली इंवायरमेंट न्यूज़ पॉडकास्ट ‘पर्यावरण आज’ Spotify, Amazon Music, Jio Saavn, Apple Podcast, पर फॉलो कीजिए।






