दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में पटाखों के धुएँ की हिस्सेदारी 71 फ़ीसदी रही, जिससे अस्पतालों में साँस के मरीज़ 60–70 फ़ीसदी बढ़ गए। इधर बीएस 6 नियमों से मेट्रो यात्रियों की संख्या बढ़ी। सुप्रीम कोर्ट पैनल ने रेत खनन रोकने की सलाह दी, कॉप 31 में वैश्विक उत्सर्जन घटने का अनुमान आया, और मौसम तेज़ी से बदलने वाला है।
आज की हेडलाईन्स
पटाखों का धुआँ 71 फीसदी
दिवाली की रात दिल्ली की हवा में मौजूद प्रदूषण कणों में 71 फ़ीसदी हिस्सा पटाखों से निकले ज़हरीले धुएँ का था। पहली बार हवा में मौजूद पीएम 2.5 का इतना सूक्ष्म आकलन किया गया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ ट्रॉपिकल मीटियरोलॉजी द्वारा किए गए वैज्ञानिक विश्लेषण से रीयल टाइम में यह पता लगाया जा सकता है कि हवा में मौजूद प्रदूषण का स्रोत क्या है। इससे उसे नियंत्रित करने में सुविधा मिलेगी।
सांस के मरीज़ बढ़े
दिवाली के बाद बढ़े प्रदूषण की वजह से दिल्ली-एनसीआर के अस्पतालों में साँस लेने में तकलीफ़, लगातार खाँसी और अस्थमा के मरीज़ों की संख्या बढ़ रही है। दक्षिण दिल्ली के मजीदिया अस्पताल में साँस संबंधी मरीज़ों की संख्या में 60–70 फ़ीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नो एंट्री में मेट्रो सहारा
दिल्ली में नॉन-बीएस 6 वाहनों की एंट्री पर बैन के बाद नवंबर के पहले हफ़्ते में 8 लाख ज़्यादा लोगों ने दिल्ली मेट्रो से सफ़र किया। वहीं विंटर एक्शन प्लान के तहत सिर्फ़ पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (पीयूसी) सर्टिफ़िकेट न होने की वजह से वाहनों पर कुल 8 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया।
रेत नहीं सिल्ट से करो निर्माण
सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित पैनल ने देश में अस्थिर (अनसस्टेनेबल) तरीके से की जा रही सैंड माइनिंग को तीन सालों में चरणबद्ध ढंग से बंद करने की सलाह दी है। साथ ही, नदियों से रेत निकालने की जगह बाँधों की गाद निकालकर (डी-सिल्टिंग) उसे कंस्ट्रक्शन सेक्टर में इस्तेमाल करने को कहा है।
कार्बन एमिशन घटा
इस साल ग्लोबल कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन पिछले साल की तुलना में थोड़ा कम रहेगा। इसका कारण यूएस-ईरान युद्ध की वजह से फ़ॉसिल फ़्यूल की आपूर्ति में आया अंतर और रीन्यूएबल एनर्जी स्रोतों का विस्तार है। यह अध्ययन मंगलवार को ग्लोबल कार्बन बजट द्वारा तुर्की के अंताल्या में चल रही कॉप 31 बैठक में पेश किया गया।
आज की चर्चा
कैसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम?
वाहिद भट, ग्राउंड रिपोर्ट

जम्मू-कश्मीर के ऊँचाई वाले पहाड़ी इलाकों में ताज़ा बर्फ़बारी हुई है। रात में गुलमर्ग के कोंगडूरी, गुरेज घाटी, ज़ोजिला और पीर की गली में बर्फ़ गिरी। श्रीनगर समेत घाटी के कई मैदानी इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।
पीर की गली में बर्फ़बारी के बाद सड़क पर फिसलन हो गई, इसलिए मुग़ल रोड पर यातायात बंद कर दिया गया है। यह सड़क दक्षिण कश्मीर को राजौरी और पुंछ से जोड़ती है। ट्रैफ़िक पुलिस ने यात्रियों से कहा है कि अनुमति मिलने तक इस रास्ते पर सफ़र न करें।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के मुताबिक़, 12 से 14 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर में कई जगह बारिश हो सकती है। ऊँचाई वाले पहाड़ी इलाकों में मध्यम से भारी बर्फ़बारी हो सकती है। मौसम की मुख्य गतिविधि 12 नवंबर की सुबह शुरू होगी और 14 नवंबर की सुबह तक जारी रह सकती है।
केंद्र के निदेशक डॉ. मुख़्तार अहमद के मुताबिक़, पीर की गली, सिंथन टॉप, ज़ोजिला, रज़दान पास, साधना टॉप और मार्गन पास पर भारी बर्फ़बारी हो सकती है। कुछ पहाड़ी इलाकों में एक से दो फ़ीट तक बर्फ़ जम सकती है।
दूधपथरी, पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग में भी इस सीज़न की पहली बर्फ़बारी हो सकती है। शोपियाँ, कुलगाम, कुपवाड़ा और बांदीपोरा के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फ़बारी या बारिश के साथ बर्फ़ गिरने की 50 प्रतिशत संभावना है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए बांदीपोरा प्रशासन ने पर्यटकों के गुरेज जाने पर अस्थायी रोक लगा दी है। जो पर्यटक वहाँ पहले से मौजूद हैं, उन्हें ज़िला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करके जल्द वापस आने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने ऊँचाई वाले इलाकों की उन गर्भवती महिलाओं को, जिनकी डिलीवरी की संभावित तारीख़ अगले एक महीने में है, नज़दीकी अस्पताल जाने की सलाह दी है। 15 नवंबर को अकाउंट्स असिस्टेंट की परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों से भी कहा गया है कि वे अपनी यात्रा पहले से तय कर लें।
अनंतनाग प्रशासन ने ज़िला आपातकालीन संचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय कर दिया है। लोक निर्माण, स्वास्थ्य, जल शक्ति और दूसरे विभागों को कर्मचारी और मशीनरी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे 12 और 13 नवंबर को फ़सल की कटाई रोक दें और कटी हुई फ़सल सुरक्षित जगह रखें। ख़राब मौसम में श्रीनगर-लेह हाईवे, मुग़ल रोड और दूसरे पहाड़ी रास्तों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
इस मौसम प्रणाली के दौरान घाटी में दिन का तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
देश के दूसरे हिस्सों में मौसम
देश के दूसरे हिस्सों में भी मौसम बदल रहा है। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। अमरकंटक और करोंदी में तापमान 12 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया।
बिहार के पाँच ज़िलों में बारिश का अलर्ट है। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता अब भी “बहुत ख़राब” श्रेणी में है। एम्स (AIIMS) के पास AQI 322 दर्ज किया गया।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और कराईकल में तेज़ बारिश की संभावना है। 15 और 16 नवंबर को बारिश का एक और दौर आ सकता है।
इसकी एक वजह पूर्वोत्तर मानसून के साथ दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र भी हो सकता है। यह सिस्टम अगले 24 घंटों में और मज़बूत हो सकता है।
ग्राउंड रिपोर्ट की बात
पर्यावरण सिर्फ खबर नहीं, यह हमारी सांसों का सवाल है। ग्राउंड रिपोर्ट की कोशिश है कि इन मुद्दों को ज़मीनी स्तर पर उठाया जाए और चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाया जाए। अगर आप पर्यावरण पत्रकारिता को ज़रूरी मानते हैं, तो इस एपिसोड को शेयर करें और हमें अपना फीडबैक भेजें।
ग्राउंड रिपोर्ट का डेली इंवायरमेंट न्यूज़ पॉडकास्ट ‘पर्यावरण आज’ Spotify, Amazon Music, Jio Saavn, Apple Podcast, पर फॉलो कीजिए।
Support Ground Report to keep independent environmental journalism alive in India
We believe climate change should be the basis of current discourse, and our stories attempt to reflect the same.
Connect With Us
Send your feedback at greport2018@gmail.com
Newsletter
Subscribe our weekly free newsletter on Substack to get tailored content directly to your inbox.
When you pay, you ensure that we are able to produce on-ground underreported environmental stories and keep them free-to-read for those who can’t pay. In exchange, you get exclusive benefits.
Your support amplifies voices too often overlooked, thank you for being part of the movement.






