Skip to content

बिना किसी बड़े समझौते के समाप्त हुई COP31 

COP31 के अपडेट से लेकर मध्य प्रदेश किसानों तक जानिए आज की प्रमुख पर्यावरणीय और कृषि खबरें “पर्यावरण आज” पॉडकास्ट के साथ

बिसलेरी का पानी पीने योग्य नहीं, 6 राज्यों में 100% HPV टीकाकरण, गैर-कोयला खनन के पर्यावरणीय मूल्यांकन पर छूट, नर्मदा-माही लिंक प्रोजेक्ट से एक माह बाद भी पानी नहीं। जानिए आज की प्रमुख पर्यावरणीय और कृषि खबरें “पर्यावरण आज” पॉडकास्ट के साथ।

Advertisements

प्रमुख ख़बरें 

FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। कंपनी के कैम्पस से लिए गए पैकेज्ड पानी के सैंपल में पहले ब्रोमेट फिर पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन की अधिकता पाई गई। यानि दोनों ही बार पानी पीने योग्य नहीं पाया गया।


भारत में राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीनों में एक करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी हैं। गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने 100% लक्ष्य पूरा कर लिया है।

Advertisements

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के तहत अब 500 हेक्टेयर तक की गैर-कोयला खनन परियोजनाओं का पर्यावरणीय मूल्यांकन राज्य स्तर पर किया जाएगा। इससे पहले राज्य स्तर पर इस मूल्यांकन की सीमा 250 हेक्टेयर निर्धारित थी।


पश्चिम बंगाल सरकार ने चक्रवात अकवन के कारण हुई भारी बारिश से फसलें गंवाने वाले 5.73 लाख किसानों के लिए 212.3 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की है। राज्य सरकार प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 8,500 से 22,500 रुपये तक मुआवजा देगी। 


मध्य प्रदेश के सरदारपुर में मुख्यमंत्री द्वारा 24 अक्टूबर को नर्मदा-माही लिंक परियोजना के उद्घाटन के एक महीने बाद भी 66 लाभार्थी गांवों के लगभग 98% खेत पानी से वंचित हैं। 25,000 हेक्टेयर में सिंचाई के लक्ष्य वाली इस परियोजना का पानी न मिलने से किसानों की गेहूं की बुवाई पिछड़ रही है।

Advertisements

आज की चर्चा

COP31 की पांच प्रमुख बातें जो जानना ज़रूरी है

COP31 यानी संयुक्त राष्ट्र के जलवायु सम्मेलन का 22 नवंबर को तुर्किये के अंताल्या शहर में समापन हो गया। जानिए इस सम्मेलन से जुड़ी 5 ऐसी मुख्य बातें जो आपके लिए जानना ज़रूरी है। 

पहली बात: कोई बड़ा समझौता नहीं हो पाया

सबसे बड़ी खबर यह है कि लंबी बातचीत के बाद भी देश एक साझा राजनीतिक ड्राफ्ट पर सहमत नहीं हुए। इस मुख्य दस्तावेज़ का नाम था “अंताल्या पैक्ट”। उसमें 1.5 डिग्री के लक्ष्य को दोहराया गया, लेकिन यह भी माना गया कि आने वाले सालों में धरती का तापमान इससे ऊपर जा सकता है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव गुटेरेस ने गहरी निराशा जताई। उन्होंने साफ कहा, “कमरे में सहमति नहीं बनी, पर विज्ञान में कोई उलझन नहीं है।” यानी तापमान बढ़ रहा है, इंसान इस पर सहमत हो या न हो। 

दूसरी बात: फॉसिल फ्यूल पर साफ़ रास्ता नहीं

कोयला, तेल और गैस से दूर जाने की बात इस ड्राफ्ट में साफ़ शब्दों में नहीं थी। इसकी जगह लक्ष्य रखा गया कि 2035 तक कुल ऊर्जा खपत में बिजली का हिस्सा 35 प्रतिशत हो। साथ ही कार्बन कैप्चर तकनीक को बहुत बड़े स्तर पर, यानी गीगाटन के पैमाने पर, बढ़ाने की बात हुई। यूरोपीय संघ और CAN जैसे सिविल सोसाइटी संगठनों ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि कार्बन कैप्चर को उत्सर्जन घटाने का विकल्प नहीं बनाया जा सकता। इससे फॉसिल फ्यूल कंपनियों को बहाना मिल सकता है।

तीसरी बात: पैसे का सवाल फिर अटका रहा

विकासशील देशों को 2030 तक करीब 5.1 से 6.8 ट्रिलियन डॉलर की ज़रूरत बताई गई। अनुकूलन यानी adaptation के लिए हर साल लगभग 305 अरब डॉलर चाहिए। अनुकूलन का मतलब है बाढ़, सूखे और गर्मी जैसी मुश्किलों से बचने की तैयारी। फंडिंग को तीन गुना करने का इरादा फिर दोहराया गया, लेकिन न कोई नया तय लक्ष्य दिया गया और न यह बताया गया कि गिनती कहां से शुरू होगी। loss and damage, के लिए कोई नई मदद की घोषणा भी नहीं हुई।

चौथी बात: न्याय और बराबरी का मुद्दा

भारत समेत कई विकासशील देशों ने कहा कि अमीर देशों की ऐतिहासिक ज़िम्मेदारी ज़्यादा है। इसलिए पैसा और मदद देना उनका फ़र्ज़ है। भारत के अधिकारी ने भी कहा कि जलवायु कार्रवाई बराबरी के सिद्धांत पर होनी चाहिए। “जस्ट ट्रांज़िशन” यानी मज़दूरों और समुदायों के लिए न्यायपूर्ण बदलाव पर एक कार्यक्रम पास हुआ, लेकिन इसका नया तंत्र कैसा होगा, यह फैसला अगले साल COP32 तक टल गया।

पांचवीं बात, सब कुछ खत्म नहीं हुआ

कुछ अच्छी बातें भी हुईं। एडैप्टेशन फंड, कार्बन मार्केट और पारदर्शिता जैसे अलग-अलग विषयों पर फैसले पास हुए। पहाड़ों और जलवायु परिवर्तन पर नया दो साल का कार्यक्रम भी प्रस्तावित हुआ। अंतर्राष्ट्रीय सोलर अलायंस के प्रमुख अजय माथुर ने कहा कि यह कार्रवाई का अंत नहीं है, क्योंकि देशों के बीच सहयोग चलता रहेगा, जैसे भारत और जर्मनी का हाइड्रोजन पर सहयोग। साथ ही अब इस पर भी चर्चा होगी कि सर्वसम्मति वाली व्यवस्था को कैसे बेहतर बनाया जाए।

तो कॉप 31 का नतीजा मिला-जुला रहा: कुछ प्रगति हुई, लेकिन फॉसिल फ्यूल और पैसे जैसे सबसे बड़े सवाल अब भी अधूरे हैं। अगली बातचीत जून 2027 में बॉन में होगी, और उसके बाद COP32 इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में होगा। हम इन मुद्दों पर नज़र रखेंगे और आप तक पहुंचाते रहेंगे। 

ग्राउंड रिपोर्ट की बात

पर्यावरण सिर्फ खबर नहीं, यह हमारी सांसों का सवाल है। ग्राउंड रिपोर्ट की कोशिश है कि इन मुद्दों को ज़मीनी स्तर पर उठाया जाए और चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाया जाए। अगर आप पर्यावरण पत्रकारिता को ज़रूरी मानते हैं, तो इस एपिसोड को शेयर करें और हमें अपना फीडबैक भेजें।

ग्राउंड रिपोर्ट का डेली इंवायरमेंट न्यूज़ पॉडकास्ट ‘पर्यावरण आज’ Spotify, Amazon Music, Jio Saavn, Apple Podcast, पर फॉलो कीजिए।

Author

Support Ground Report to keep independent environmental journalism alive in India

We do deep on-ground reports on environmental, and related issues from the margins of India, with a particular focus on Madhya Pradesh, to inspire relevant interventions and solutions. 

We believe climate change should be the basis of current discourse, and our stories attempt to reflect the same.

Connect With Us

Send your feedback at greport2018@gmail.com

Newsletter

Subscribe our weekly free newsletter on Substack to get tailored content directly to your inbox.

When you pay, you ensure that we are able to produce on-ground underreported environmental stories and keep them free-to-read for those who can’t pay. In exchange, you get exclusive benefits.

Your support amplifies voices too often overlooked, thank you for being part of the movement.

EXPLORE MORE

LATEST

mORE GROUND REPORTS

Environment stories from the margins