नमस्कार, आप सुन रहे हैं पर्यावरण आज। आज सुर्खियों में: देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च हुई है; घायल हाथी के बच्चे को गुवाहाटी से जामनगर ले जाने पर सवाल उठे हैं; अमरनाथ मार्ग का बड़ा हिस्सा भूस्खलन-प्रवण निकला; गिर में गर्मी से आम के फूल प्रभावित हुए; और पन्ना में विस्थापित आदिवासी कोर ज़ोन में जा पहुंचे। आज के विशेष रिपोर्टर से बात अंक में बैतूल के सूखे पर बात करेंगे हमारे रिपोर्टर पल्लव जैन से।
आज की प्रमुख हेडलाइंस
1. स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश की पहली स्वदेशी H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इसे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिज़ीज़ (NISHAD) के वैज्ञानिकों ने तैयार किया है। इस वैक्सीन की एक डोज़ की कीमत सिर्फ़ ₹1 से ₹2 होगी।
2. हाथी के बच्चे का सवाल
सात हफ़्ते के हाथी के बच्चे “राजा” की जांघ में फ्रैक्चर हो गया था। उसे गुवाहाटी से स्पेशल चार्टर्ड फ़्लाइट के ज़रिए जामनगर के “वंतारा” सेंटर लाया गया। अख़बारों ने इसे एक सकारात्मक खबर की तरह छापा है, लेकिन सवाल यह है कि क्या असम के पास हाथी की हड्डी ठीक करने की सुविधा भी नहीं है?
3. अमरनाथ मार्ग पर भूस्खलन का ख़तरा
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ हाइड्रोलॉजी की एक स्टडी के मुताबिक, 35 किमी लंबे बालटाल-अमरनाथ रास्ते का 85% हिस्सा भूस्खलन-प्रवण है। स्टडी में पाया गया कि 70% भूस्खलन सड़क के 50 मीटर के दायरे में हुए। इसकी मुख्य वजहें तेज़ बारिश, बादल फटना और चट्टानों का कमज़ोर होना हैं।
4. गिर में आम पर मौसम की मार
सासन गिर इलाके में अक्टूबर और नवंबर के दौरान ख़राब मौसम, कम बारिश और 40°C तक के तापमान की वजह से आम के पेड़ों पर समय पर फूल नहीं आ पाए। इससे आने वाले सीज़न में उत्पादन में 20 से 25% की कमी आने की आशंका है।
5. पन्ना में विस्थापितों का डेरा
पन्ना टाइगर रिज़र्व के कानेरी गांव के विस्थापित आदिवासियों ने “ज़मीन के बदले ज़मीन” के लंबित मुआवज़े की मांग को लेकर रिज़र्व के प्रतिबंधित कोर ज़ोन में 10 किमी अंदर जाकर डेरा डाल दिया। इस सुरक्षा चूक और रात में निजी वाहनों से अधिकारियों की आवाजाही की जांच के लिए मुख्य वन्यजीव संरक्षक समिता राजोरा ने भोपाल से एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है।
रिपोर्टर से बात
बैतूल में सूखे की स्थिति, खेत खाली छोड़ रहे हैं किसान
आज की चर्चा में बात करेंगे मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में किसान किस तरह सूखे के हालातों से जूझ रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्ट के पल्लव जैन इसे कवर करके लौटे हैंं।
पल्लव जैन, ग्राउंड रिपोर्ट
शिशिर, ग्राउंड रिपोर्ट मध्य प्रदेश के उन जिलों की यात्रा पर है, जहां इस वर्ष औसत से कम बारिश दर्ज की गई है और सूखे जैसे हालात हैं। करीब 12 जिले ऐसे हैं, जहां ज़मीनी हालात ठीक नहीं हैं। हमने शुरुआत बैतूल जिले से की है।
अपने श्रोताओं को बता दें कि बैतूल मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में, मुख्य रूप से सतपुड़ा पठार पर स्थित है। इसके उत्तर में नर्मदा घाटी और दक्षिण में बरार के मैदान हैं। यहां के लोग अपनी आजीविका के लिए खेती-किसानी और जंगलों से मिलने वाली वनोपज पर निर्भर हैं।
इस वर्ष यहां औसत से 31 फीसदी कम बारिश हुई है। इंडिया ड्रॉट मॉनिटर के मुताबिक पूरा जिला सूखे की चपेट में है। कलेक्टर कार्यालय में हुई बैठक में यह बात सामने आई कि जिले में 200 जलाशय हैं, जिनमें से 127 पूरी तरह खाली हैं। जिले के जलाशयों में 472 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी होना चाहिए, लेकिन केवल 242 मिलियन क्यूबिक मीटर ही बचा है, यानी क्षमता का लगभग आधा। इसी पानी से जिले को नवंबर से अगली बारिश, यानी जून-जुलाई तक का समय काटना है, और इसमें पेयजल और सिंचाई, दोनों की व्यवस्था करनी है। यहां की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण नज़र आती है।
जब हम बैतूल के ढौल गांव पहुंचे, तो वहां महाराष्ट्र से आए रायका समुदाय के चरवाहे मिले, जो अपनी भेड़ों और ऊंटों को खाली पड़े खेतों में बचे फसल अवशेष चरा रहे थे। आमतौर पर नवंबर में इस क्षेत्र में गेहूं और चने की बोवनी हो चुकी होती है, लेकिन इस बार खेत खाली छोड़ दिए गए हैं, क्योंकि पास के उड़दन जलाशय से नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया है। हमने देखा कि सिर्फ वही किसान बोवनी कर रहे हैं जिनके पास अपने कुएं और बोरवेल हैं। हालांकि उन्हें भी बेहतर फसल की कोई उम्मीद नहीं है, क्योंकि कुओं में पानी एक-दो घंटे ही चलता है। वे केवल इसलिए बोवनी कर रहे हैं कि कम से कम पशुओं के लिए चारा हो जाए।
फिर हम उड़दन जलाशय के हालात देखने पहुंचे, तो और भी हैरान रह गए। नहर के गेट के बिल्कुल तल तक पानी पहुंच चुका था, यानी गेट खोल भी दिया जाए तो पानी नहरों से कहीं नहीं पहुंचेगा। जलाशय सूखकर मैदान जैसा बन चुका है और गाय-भैंसें उसके अंदर चर रही थीं। हालांकि इतना पानी ज़रूर है कि मवेशियों की प्यास बुझ सके।
तालाब की पाल पर बैठे रुपलाल ने हमें आवाज़ लगाकर बुलाया कि इधर आइए, कुछ बात करनी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने जीवनकाल में ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी। उन्होंने अपनी उम्र 60 वर्ष बताई। वे कहते हैं कि इस बार खेती नहीं कर पा रहे, तो कोई बात नहीं, बस इतना चाहते हैं कि उनके मवेशियों के लिए इस जलाशय में पानी बचा रहे। वे यहां तक कहते हैं कि अगर कोई इस जलाशय से पानी चुराने की कोशिश करेगा, तो वे पुलिस से उसकी शिकायत करेंगे।
शिशिर, यह बेहद मार्मिक चर्चा थी, जिससे पता चलता है कि यहां का किसान इस समय किस मनोस्थिति से गुज़र रहा है। उनके सामने पूरा साल पड़ा है और पानी लगभग खत्म होने को है। उनकी आजीविका के साधन, खेती और पशुपालन, पूरी तरह संकट में हैं। मज़दूरी, जो तीसरा साधन है, वह भी संकट में है, क्योंकि निर्माण कार्यों पर भी रोक रहेगी। समाधान क्या है, यह किसी को नहीं पता। अभी तक सरकार ने सूखा घोषित भी नहीं किया है, और यह भी स्पष्ट नहीं है कि आगे क्या किया जाएगा।
शिशिर, रुपलाल साफ कहते हैं कि सरकार को सरकारी राशन में मिलने वाले 5 किलो अनाज की मात्रा बढ़ा देनी चाहिए।
मैं अपने श्रोताओं से अनुरोध करूंगा कि वे ग्राउंड रिपोर्ट डॉट इन पर जाकर यह रिपोर्ट ज़रूर पढ़ें। जल्द ही हम इसकी वीडियो रिपोर्ट भी लेकर आने वाले हैं, इसलिए ग्राउंड रिपोर्ट के साथ जुड़े रहें।
शिशिर, सूखा केवल बारिश का कम होना नहीं है। यह तब पैदा होता है, जब पानी की लगातार कमी मिट्टी, नदियों, जलाशयों, वनस्पतियों, खेती और पानी की आपूर्ति को प्रभावित करने लगती है। सूखा एक ऐसी प्राकृतिक आपदा है, जो बार-बार आती है और धीरे-धीरे विकसित होती है। इसका समाज, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण पर दूरगामी प्रभाव पड़ सकता है। बारिश और पानी की उपलब्धता में कमी से कृषि उत्पादन घट सकता है, खाद्य सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो सकता है और ग्रामीण आजीविका पर असर पड़ सकता है।
ऐसे में यह बेहद ज़रूरी है कि इस मुद्दे पर लगातार रिपोर्टिंग हो, और ग्राउंड रिपोर्ट यही करने का प्रयास कर रहा है।
ग्राउंड रिपोर्ट की बात
पर्यावरण सिर्फ खबर नहीं, यह हमारी सांसों का सवाल है। ग्राउंड रिपोर्ट की कोशिश है कि इन मुद्दों को ज़मीनी स्तर पर उठाया जाए और चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाया जाए। अगर आप पर्यावरण पत्रकारिता को ज़रूरी मानते हैं, तो इस एपिसोड को शेयर करें और हमें अपना फीडबैक भेजें।
ग्राउंड रिपोर्ट का डेली इंवायरमेंट न्यूज़ पॉडकास्ट ‘पर्यावरण आज’ Spotify, Amazon Music, Jio Saavn, Apple Podcast, पर फॉलो कीजिए।
भारत में स्वतंत्र पर्यावरण पत्रकारिता को जारी रखने के लिए ग्राउंड रिपोर्ट को आर्थिक सहयोग दें।
Support Ground Report to keep independent environmental journalism alive in India
We believe climate change should be the basis of current discourse, and our stories attempt to reflect the same.
Connect With Us
Send your feedback at greport2018@gmail.com
Newsletter
Subscribe our weekly free newsletter on Substack to get tailored content directly to your inbox.
When you pay, you ensure that we are able to produce on-ground underreported environmental stories and keep them free-to-read for those who can’t pay. In exchange, you get exclusive benefits.
Your support amplifies voices too often overlooked, thank you for being part of the movement.




