मैं हूं पल्लव जैन और यह है ग्राउंड रिपोर्ट का डेली मॉर्निंग पॉडकास्ट “पर्यावरण आज”। साइलेंट वैली में तितलियों की प्रजातियां बढ़कर 208 हो गईं। देश में बागवानी उत्पादन 3,869 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है। तमिलनाडु में 1,427 करोड़ रुपये के रेत खनन घोटाले का खुलासा हुआ है। चक्रवात अकवन आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच तट से टकरा सकता है। मदुरै में लंपी स्किन रोग से पशुपालक परेशान हैं। आज चर्चा करेंगे मेट्रो शहरों में जल संकट की।
आज की हेडलाईन्स
1. वैली में नई तितलियां
साइलेंट वैली नेशनल पार्क में तितलियों की प्रजातियां 205 से बढ़कर 208 हो गई हैं। केरल वन एवं वन्यजीव विभाग और मालाबार नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (MNHS) के संयुक्त तितली सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है।
2. बागवानी उत्पादन में उछाल
देश में बागवानी फसलों के रकबे और उत्पादन में 4.36 फीसदी की वृद्धि का पूर्वानुमान है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 2025-26 में भारत का कुल बागवानी उत्पादन 3,869.15 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है। यह 2024-25 के उत्पादन से 161 लाख टन अधिक है।
3. तमिलनाडु में रेत घोटाला
तमिलनाडु में 1,427 करोड़ रुपये का रेत खनन घोटाला सामने आया है। आरोपों के केंद्र में DMK के वरिष्ठ नेता दुरई मुरुगन हैं, जो पार्टी की 2021-26 की सरकार में जल संसाधन मंत्री थे।
4. चक्रवात अकवन का रुख
चक्रवात अकवन ने अचानक अपना रास्ता बदल लिया है। अब इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 नवंबर के बीच बंगाल के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
5. मदुरै में लंपी संकट
तमिलनाडु में देसी मवेशियों के बीच लंपी स्किन डिजीज (LSD) फैलने से मदुरै के पशुपालकों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है। पशुपालकों का दावा है कि अगस्त से अब तक जिले में पुलिकुलम नस्ल के कम से कम एक हज़ार बछड़ों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आज की चर्चा
हैदराबाद जल संकट
अल नीनो की वजह से पैदा हुए जल संकट से प्रभावित मेट्रो शहरों में हैदराबाद की हालत सबसे खराब बताई जा रही है। यहां अभी से पीने के पानी का संकट दिखने लगा है। पूरी खबर समझते हैं अब्दुल वसीम अंसारी से।
आज हम देश के बड़े महानगरों में गहराते जल संकट पर बात करेंगे। द टाइम्स ऑफ इंडिया की एक ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, अल नीनो के असर से आने वाले दिनों में प्रमुख मेट्रो शहरों में पानी की किल्लत बढ़ सकती है, लेकिन सबसे ज़्यादा मार हैदराबाद पर पड़ने की आशंका है। रिपोर्ट कहती है कि दिसंबर तक हैदराबाद देश के सबसे बड़े पेयजल संकट का केंद्र बन सकता है।
पल्लव, आंकड़ों से समझते हैं कि हैदराबाद की स्थिति इतनी चिंताजनक क्यों है। शहर को रोज़ाना करीब 3,200 एमएलडी पानी चाहिए, जबकि सप्लाई सिर्फ 2,600 एमएलडी है। यानी शहर अभी ही रोज़ 600 एमएलडी की कमी झेल रहा है, जो आगे बढ़कर 1,000 एमएलडी से ऊपर जा सकती है।
इसकी मुख्य वजह कम बारिश है। हैदराबाद और आसपास के इलाकों में इस साल सामान्य से 33 से 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है। नतीजतन शहर को पानी देने वाले मुख्य जलाशय सूखने की कगार पर हैं। सिंगूर बांध में सिर्फ 7 प्रतिशत और मंजीरा में महज़ 17 प्रतिशत पानी बचा है। आशंका है कि अगले महीने से हैदराबाद के आईटी कॉरिडोर के करीब साढ़े तीन लाख उपभोक्ताओं के नल सूख सकते हैं, और यह संकट अप्रैल तक खिंच सकता है।
पल्लव: तो बाकी महानगरों का क्या हाल है?
अब्दुल वसीम अंसारी: रिपोर्ट में तुलना भी की गई है। दिल्ली में भी करीब 1,000 एमएलडी पानी की कमी रहती है, लेकिन वहां इस सीज़न में सामान्य से 14 प्रतिशत ज़्यादा बारिश हुई है। साथ ही रीसाइक्लिंग और ट्यूबवेल जैसे वैकल्पिक इंतज़ाम भी मौजूद हैं। मुंबई की स्थिति सबसे सुरक्षित है। वहां के सात प्रमुख जलाशयों में 80 प्रतिशत से ज़्यादा पानी भरा है, जो अगले सात-आठ महीनों के लिए काफी है। बेंगलुरु में भी 500 से 600 एमएलडी की कमी है, लेकिन कावेरी बेसिन के बांधों में करीब 50 प्रतिशत पानी का बफर है, इसलिए वहां सप्लाई पूरी तरह ठप होने का खतरा कम है।
राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (NEERI) और IISc के विशेषज्ञों ने चेताया है कि फरवरी के बाद जब भूजल स्तर तेज़ी से गिरेगा, तो हैदराबाद में हालात और विकट हो जाएंगे। हालांकि, हैदराबाद जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि वे आपातकालीन कदम उठा रहे हैं। कमी पूरी करने के लिए गोदावरी से 180 एमएलडी अतिरिक्त पानी लाने और कृष्णा नदी से 45 एमएलडी पानी समायोजित करने की योजना पर काम चल रहा है।
द टाइम्स ऑफ इंडिया की यह रिपोर्ट साफ इशारा करती है कि जलवायु परिवर्तन और कम बारिश का असर अब सीधे हमारे घरों के नलों तक पहुंच चुका है। तो पानी बचाइए और अपना ख्याल रखिए।
ग्राउंड रिपोर्ट की बात
पर्यावरण सिर्फ खबर नहीं, यह हमारी सांसों का सवाल है। ग्राउंड रिपोर्ट की कोशिश है कि इन मुद्दों को ज़मीनी स्तर पर उठाया जाए और चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाया जाए। अगर आप पर्यावरण पत्रकारिता को ज़रूरी मानते हैं, तो इस एपिसोड को शेयर करें और हमें अपना फीडबैक भेजें।
ग्राउंड रिपोर्ट का डेली इंवायरमेंट न्यूज़ पॉडकास्ट ‘पर्यावरण आज’ Spotify, Amazon Music, Jio Saavn, Apple Podcast, पर फॉलो कीजिए।
Support Ground Report to keep independent environmental journalism alive in India
We believe climate change should be the basis of current discourse, and our stories attempt to reflect the same.
Connect With Us
Send your feedback at greport2018@gmail.com
Newsletter
Subscribe our weekly free newsletter on Substack to get tailored content directly to your inbox.
When you pay, you ensure that we are able to produce on-ground underreported environmental stories and keep them free-to-read for those who can’t pay. In exchange, you get exclusive benefits.
Your support amplifies voices too often overlooked, thank you for being part of the movement.



