Skip to content

नरसिंहपुर गन्ना किसानों का आंदोलन जारी, अन्य राज्यों के किसान भी सड़क पर

गन्ना किसानों के आंदोलन की पूरी जानकारी के साथ ही जानिए आज की प्रमुख पर्यावरणीय और कृषि खबरें “पर्यावरण आज” पॉडकास्ट के साथ।

मध्य प्रदेश सहित देश के तमाम राज्यों में गन्ना किसानों के आंदोलन की पूरी जानकारी। साथ ही जानिए आज की प्रमुख पर्यावरणीय और कृषि खबरें “पर्यावरण आज” पॉडकास्ट के साथ।

मगर सबसे पहले आज की चर्चा।

Advertisements

देश भर में गन्ना किसानों का आंदोलन

पल्लव जैन, ग्राउंड रिपोर्ट

Advertisements

मध्य प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा और उत्तर प्रदेश, सब जगह किसान गन्ने के दाम को लेकर नाराज़ हैं। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में तो आंदोलन उग्र होता नज़र आ रहा है।

दरअसल गुरुवार 26 नवंबर को नरसिंहपुर में सैकड़ों किसानों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया। इससे नरसिंहपुर से सागर जाने वाले रास्ते पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आठ किसान संगठन इस आंदोलन में शामिल हैं।

अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन किसान नहीं माने। इसके बाद पांच थानों की पुलिस बुलाई गई। पुलिस और किसान नेताओं के बीच बहस और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और किसान नेताओं को बसों में बैठाकर वहां से हटा दिया।

Advertisements

किसानों का कहना है कि मिलें अभी करीब 450 रुपये प्रति क्विंटल का भाव दे रही हैं। लेकिन खाद, बिजली, मज़दूरी और सिंचाई का खर्च बढ़ गया है, इसलिए यह दाम कम है। उनका कहना है कि बाज़ार में चीनी लगभग 60 रुपये किलो बिक रही है, तो गन्ना उगाने वालों को भी सही दाम मिलना चाहिए। इनकी मांग है कि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।

उधर राज्य सरकार के अनुसार मध्य प्रदेश के किसानों को देश में सबसे ऊंचे दिए जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने इस साल का FRP, यानी उचित और लाभकारी मूल्य, 365 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। जबकि मध्य प्रदेश की निजी चीनी मिलों ने 440 से 455 रुपये के रेट घोषित किए हैं, बैतूल में 440 और नरसिंहपुर में 450 रुपये है।

सरकार ने दूसरे राज्यों से तुलना भी की है जैसे उत्तर प्रदेश में 400, कर्नाटक में 360, महाराष्ट्र में 320, गुजरात में लगभग 341, छत्तीसगढ़ में 425 और हरियाणा में 430 रुपये प्रति क्विंटल का रेट है।

मध्य प्रदेश में कुल गन्ना उत्पादन करीब 6.35 लाख टन है। इसमें अकेले नरसिंहपुर का हिस्सा 3.70 लाख टन है, जो राज्य में सबसे ज़्यादा है। दूसरे नंबर पर बैतूल है, जहां 1.38 लाख टन उत्पादन होता है। ऐसे में सरकार इस समय बैकफुट पर है।

अन्य राज्यों में भी आंदोलन

कर्नाटक में बुधवार को बेलगावी में किसानों ने ज़िलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, वे राज्य सलाहकार मूल्य यानी SAP घोषित करने, गन्ना नियंत्रण बोर्ड बनाने और राज्य सरकार से प्रति टन 1,000 रुपये की अतिरिक्त मदद की मांग कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इस पर फ़ैसला हो।

हरियाणा में रोहतक में किसान पंचायत हुई। सरकार ने गन्ने का दाम सिर्फ़ 15 रुपये बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल किया है। किसानों का कहना है कि बढ़ती लागत को देखते हुए यह बढ़ोतरी बहुत कम है।

उत्तर प्रदेश में 26 नवंबर को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशव्यापी विरोध दिवस मनाया गया। किसान संगठनों ने ज़िलाधिकारियों के ज़रिए प्रधानमंत्री, कृषि मंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजे।

क्या हैं गन्ना किसानों की मांगें?

मध्य प्रदेश में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग है।

उत्तर प्रदेश के किसान संगठन 2026-27 सीज़न के लिए 588 रुपये प्रति क्विंटल मांग रहे हैं। उनके अनुसार शाहजहांपुर गन्ना शोध संस्थान ने लागत 392 रुपये प्रति क्विंटल बताई है, और उस पर 50 प्रतिशत मुनाफ़ा जुड़ना चाहिए।

गन्ने का भुगतान 14 दिन के अंदर हो। चीनी की बेसिक रिकवरी दर 8.5 प्रतिशत की जाए। गन्ना तौल केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था हो।

कर्नाटक में राज्य सलाहकार मूल्य घोषित करने और प्रति टन 1,000 रुपये की अतिरिक्त मदद दिए जाने की मांग है तो हरियाणा में सहकारी चीनी मिलों का सहकारी दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन है।

इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा ने MSP की कानूनी गारंटी, पूरा कर्ज़ माफ़ करने, मनरेगा में 200 दिन काम और 700 रुपये दिहाड़ी, और 60 साल से ऊपर के किसानों को 21 हज़ार रुपये मासिक पेंशन की मांग भी कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश में आगे क्या होगा?

किसानों का कहना है कि जब तक 600 रुपये के भाव पर ठोस फ़ैसला नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

शुक्रवार यानी आज भोपाल में कृषि सचिव के साथ किसान संगठनों की बैठक प्रस्तावित है। ख़बरों के अनुसार किसान नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अपनी बात रख सकते हैं। हालांकि इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि का अभी इंतज़ार है।

अगर बैठक में कोई हल निकलता है, तो आंदोलन शांत हो सकता है। अगर नहीं, तो नरसिंहपुर में किसान फिर सड़कों पर उतर सकते हैं।


प्रमुख ख़बरें 

वायनाड भारत का पहला ई-वेस्ट फ्री डिस्ट्रिक्ट बनने जा रहा है। तीन महीने तक चले अभियान में 102 टन से अधिक ई वेस्ट एकत्र किया गया। इस कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए क्लीन केरल कंपनी को सौंपा गया है। 


कर्नाटक के हासन जिले के कॉफी बागानों से 56 हाथियों को भद्रा जंगलों में स्थानांतरित करने की योजना स्थानीय विरोध और राजनीतिक विवाद के कारण रोक दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि केवल हाथियों को दूसरी जगह भेजने के बजाय उनके प्राकृतिक आवास और गलियारों को सुरक्षित करना जरूरी है।


पश्चिमी घाट में पेड़ पर रहने वाले सांप की एक नई प्रजाति की पहचान की गई है, जिसे सामान्य नाम ‘बेडडोम्स ब्रॉन्जबैक’ दिया गया है। इससे पहले इसे बड़ी आंखों वाले ब्रॉन्जबैक की प्रजाति समझा जाता था। मगर जीभ के रंग, शरीर की बनावट और शल्कों की संख्या के आधार पर इसे अलग प्रजाति के रूप में पहचाना गया।


एक इंटरनेशनल स्टडी के मुताबिक, 2023 और 2024 में दुनिया की नदियों, झीलों और जलाशयों में मीठे पानी के भंडार में तेज़ी से कमी आएगी। इन दो सालों में नदियों का बहाव नॉर्मल से लगभग 5.7% कम था, जबकि झीलों और जलाशयों में पानी के भंडार में 9.5% की कमी आई। यह 1991 के बाद एक साथ दर्ज की गई सबसे बड़ी गिरावट है।


मध्य प्रदेश के 14 जिलों की पड़ताल में सामने आया कि रबी सीजन में 10 घंटे निर्बाध बिजली देने के सरकारी दावे के विपरीत मंत्रियों और माननीयों के गांवों में 10 से 24 घंटे बिजली दी जा रही है। जबकि आम किसानों को महज 3 से 8 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। सब-स्टेशन की लॉगबुक में कागजी कोटा पूरा दिखाया जा रहा है और अघोषित कटौती का कारण ‘तार पर पक्षी बैठना’ या फॉल्ट होना बताया जा रहा है।

ग्राउंड रिपोर्ट की बात

पर्यावरण सिर्फ खबर नहीं, यह हमारी सांसों का सवाल है। ग्राउंड रिपोर्ट की कोशिश है कि इन मुद्दों को ज़मीनी स्तर पर उठाया जाए और चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाया जाए। अगर आप पर्यावरण पत्रकारिता को ज़रूरी मानते हैं, तो इस एपिसोड को शेयर करें और हमें अपना फीडबैक भेजें।

ग्राउंड रिपोर्ट का डेली इंवायरमेंट न्यूज़ पॉडकास्ट ‘पर्यावरण आज’ Spotify, Amazon Music, Jio Saavn, Apple Podcast, पर फॉलो कीजिए।

Author

Support Ground Report to keep independent environmental journalism alive in India

We do deep on-ground reports on environmental, and related issues from the margins of India, with a particular focus on Madhya Pradesh, to inspire relevant interventions and solutions. 

We believe climate change should be the basis of current discourse, and our stories attempt to reflect the same.

Connect With Us

Send your feedback at greport2018@gmail.com

Newsletter

Subscribe our weekly free newsletter on Substack to get tailored content directly to your inbox.

When you pay, you ensure that we are able to produce on-ground underreported environmental stories and keep them free-to-read for those who can’t pay. In exchange, you get exclusive benefits.

Your support amplifies voices too often overlooked, thank you for being part of the movement.

EXPLORE MORE

LATEST

mORE GROUND REPORTS

Environment stories from the margins