आज की मुख्य खबरें: लद्दाख में ब्लैक-नेक्ड क्रेन की संख्या 25 प्रतिशत बढ़कर 108 हुई। असम के धेमाजी में चार गांवों ने 345 एकड़ ज़मीन को सामुदायिक वन बनाया। NHAI ने कहा, आवारा मवेशी हटाना राज्यों का काम है। गेहूं की बुवाई 15.27 प्रतिशत घटी। और सुप्रीम कोर्ट ने यमुना के प्रदूषण पर स्थानीय निकायों को ज़िम्मेदार ठहराया।
प्रमुख हेडलाईन्स
लद्दाख की स्टेट बर्ड और लुप्तप्राय प्रजाति ‘ब्लैक-नेक्ड क्रेन’ की आबादी एक साल में लगभग 25 प्रतिशत बढ़ी है। इनकी संख्या अब 108 हो गई है। लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने इसका श्रेय पर्यावरण संरक्षण बल में शामिल पूर्व सैनिकों और युवाओं को दिया। इन्होंने पक्षियों के घोंसलों और चूजों को आवारा कुत्तों के गंभीर खतरे से बचाया।
पूर्वोत्तर असम के धेमाजी जिले के चार गांवों ने मिलकर 345 एकड़ ग्रेज़िंग लैंड को सामुदायिक आरक्षित वन में बदल दिया है। इससे शिकार के खतरे का सामना कर रहे हिरणों को सुरक्षित आवास मिलेगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि राजमार्गों से आवारा मवेशियों और अन्य जानवरों को हटाने और उन्हें आश्रय स्थलों में रखने के लिए उसके पास न कानूनी अधिकार हैं, न वित्तीय संसाधन। उसके मुताबिक यह काम राज्य सरकारों को करना होगा। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने टोल बूथ के पास एनिमल शेल्टर बनाने का सुझाव दिया है।
देश में इस साल रबी की बुवाई कम हुई है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, रबी की मुख्य फसल गेहूं की बुवाई अब तक पिछले साल से 15.27 प्रतिशत कम है। विशेषज्ञों का कहना है कि सिंचाई के लिए पानी की कम उपलब्धता भी इसकी एक बड़ी वजह है। गेहूं उगाने वाले प्रमुख राज्यों में जलाशयों और नहरों का जलस्तर सामान्य से नीचे है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यमुना किनारे बसे कस्बों, शहरों और गांवों की स्थानीय संस्थाओं की कमियों के कारण यमुना प्रदूषित है। इन इलाकों के 520 नालों का सीवेज यमुना में बहाया जा रहा है। कोर्ट ने कहा कि और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने से कुछ नहीं होगा, सीवेज को स्रोत पर ही रोकना होगा।
आज की चर्चा
अकवान चक्रवात बदलेगा मध्य प्रदेश का मौसम
चक्रवात अकवान के कारण कई राज्यों में बारिश की संभावना बन रही है। हमारे रिपोर्टर वाहिद भट से समझते हैं कि कहां-कहां बारिश होने वाली है।
वाहिद भट, ग्राउंड रिपोर्ट 
बंगाल की खाड़ी में बने तूफान अकवान का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र ने 20 और 21 नवंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभागों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
IMD के मुताबिक, 21 नवंबर को तूफान का असर ज्यादा रह सकता है। बालाघाट और डिंडोरी में तेज बारिश का अलर्ट है। अगले 24 घंटों में इन दोनों जिलों में ढाई से साढ़े चार इंच तक बारिश हो सकती है।
इसके अलावा मौगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ आंधी और बारिश की संभावना है।
20 नवंबर को शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश हो सकती है। उससे पहले पूरे मध्य प्रदेश में आसमान में बादल छाए रहेंगे। भोपाल में पिछले दो दिनों से बादल हैं और धुंध भी देखी जा रही है।
अब बात तापमान की। बीती रात सबसे कम न्यूनतम तापमान शहडोल के कल्याणपुर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कटनी के करौंदी में 10.9, दमोह में 12 और नौगांव में 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
उमरिया में 13.1, पचमढ़ी में 13.2 और छिंदवाड़ा तथा जबलपुर में 13.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। भोपाल, खजुराहो और ग्वालियर में यह 13.18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर भी मध्य प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। मौसम तंत्र (वेदर सिस्टम) के आगे बढ़ने के बाद ठंड और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के पिछले 10 साल के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में नवंबर के दूसरे पखवाड़े में 10 में से 9 साल कड़ाके की ठंड पड़ी है। इस साल भी 20 नवंबर के बाद ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का असर ज्यादा हो सकता है, क्योंकि यहां सीधे उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं पहुंचती हैं। ग्वालियर में नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का रिकॉर्ड 57 साल पहले बना था। उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
फिलहाल मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। इसके बाद तापमान में और गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है।
ग्राउंड रिपोर्ट की बात
पर्यावरण सिर्फ खबर नहीं, यह हमारी सांसों का सवाल है। ग्राउंड रिपोर्ट की कोशिश है कि इन मुद्दों को ज़मीनी स्तर पर उठाया जाए और चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाया जाए। अगर आप पर्यावरण पत्रकारिता को ज़रूरी मानते हैं, तो इस एपिसोड को शेयर करें और हमें अपना फीडबैक भेजें।
ग्राउंड रिपोर्ट का डेली इंवायरमेंट न्यूज़ पॉडकास्ट ‘पर्यावरण आज’ Spotify, Amazon Music, Jio Saavn, Apple Podcast, पर फॉलो कीजिए।
Support Ground Report to keep independent environmental journalism alive in India
We believe climate change should be the basis of current discourse, and our stories attempt to reflect the same.
Connect With Us
Send your feedback at greport2018@gmail.com
Newsletter
Subscribe our weekly free newsletter on Substack to get tailored content directly to your inbox.
When you pay, you ensure that we are able to produce on-ground underreported environmental stories and keep them free-to-read for those who can’t pay. In exchange, you get exclusive benefits.
Your support amplifies voices too often overlooked, thank you for being part of the movement.


